छठ पर्व के आयोजन में भव्यता और श्रद्धा का दिखा अद्भुत संगम

सीधी:सीधी शहर में इस वर्ष छठ पर्व का आयोजन भव्यता और श्रद्धा के अद्भुत संगम के रूप में देखा गया। डॉ.अनूप मिश्रा और डॉ.बीना मिश्रा के अथक प्रयासों से पहली बार जिले में इतना सुंदर और सुसंगठित छठ महोत्सव सम्पन्न हुआ। गोपालदास बांध घाट पर आयोजित इस पर्व में हजारों श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और सूर्यदेव व छठी मैया की आराधना की। पूरे आयोजन स्थल को दीपों, फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गयाए जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक आभा से भर उठा।

छठ पर्व की मुख्य विशेषता यह रही कि जैसे ही शाम के समय श्रद्धालु अघ्र्य देने पहुंचे, वरुण देव ने भी अपनी कृपा बरसाई। हल्की वर्षा ने वातावरण को और भी पवित्र बना दिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि यह छठी मैया की प्रसन्नता का प्रतीक है और उनका आशीर्वाद सभी पर बना हुआ है। इस आयोजन में सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का प्रबंधन बेहद सराहनीय रहा।

घाटों की सफाई, रोशनी, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा स्वयंसेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बखूबी निभाया। डॉ.अनूप मिश्रा और डॉ.बीना मिश्रा ने स्वयं स्थल पर मौजूद रहकर प्रत्येक व्यवस्था का निरीक्षण किया और किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा। कार्यक्रम के सांस्कृतिक आकर्षण के रूप में लायन्स क्लब सीधी द्वारा भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें सृजन मिश्रा और उनके दल ने अपनी मधुर प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। भक्ति गीतों, छठ महिमा के भजनों और लोकगीतों ने समूचे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कांच ही बांस के बहंगिया और उठे सुहावन लगल घाट जैसे गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। छठ पर्व के दौरान महिलाओं ने पारम्परिक वेशभूषा में नदी किनारे पूजा-अर्चना की। वहीं पुरुषों और युवाओं ने पूरे आयोजन में सहयोग की भावना से भाग लिया। छोटे-छोटे बच्चों में भी इस पर्व को लेकर खास उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि सीधी में इस बार का आयोजन अब तक का सबसे अनुशासित और आध्यात्मिक रहा।

पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन में नगर पालिका, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य टीम और स्वयंसेवी संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा। सफाई कर्मचारियों और जल विभाग के कर्मियों को डॉ.अनूप मिश्रा ने मंच से विशेष धन्यवाद दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक भावना का प्रतीक बना बल्कि सामूहिक एकता, सहयोग और सेवा भाव का भी उदाहरण प्रस्तुत कर गया। अंत में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में कहा- छठी मैया की जय हो, अगले वर्ष फिर इसी उत्साह के साथ मिलेंगे।
डॉ.अनूप एवं डॉ.बीना की मेहनत रंग लाई
शहर के गोपालदास बांध में छठ पूजा के आयोजन के लिये भव्य तैयारियां की गई थीं। श्रद्धालु महिलाओं एवं उनके परिजनों को किसी तरह की दिक्कतें ना हों इसके लिये पंडाल एवं अन्य व्यवस्थाएं प्रकाश के साथ बनाई थी। इस तरह डॉ.अनूप और डॉ.बीना मिश्रा की मेहनत, समर्पण और सेवा ने इस बार की छठ पूजा को अविस्मरणीय बना दिया और सच में, जब भक्ति सच्ची हो तो वरुण देव भी वरदान बनकर बरसते हैं। डॉ.अनूप मिश्रा एवं डॉ.बीना मिश्रा की मेहनत छठ पूजा के आयोजन की भव्यता के चलते पूरी तरह से रंग लाई।

Next Post

छठ पूजा के समापन पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी हार्दिक शुभकामनाएँ

Tue Oct 28 , 2025
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सूर्य देव के सम्मान में मनाए जाने वाले चार दिवसीय पर्व छठ पूजा के पावन समापन पर देशवासियों को हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ‘एक्स हैंडल’ पर एक पोस्ट में इस अवसर पर लिखा: “आज, भगवान सूर्य देव […]

You May Like