
मंदसौर। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने ग्राम बुगलिया नई आबादी स्थित देवडूंगरी माता मंदिर परिसर में विकसित नगर वन देवडूंगरी अभयारण्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “तन, मन और धन से भी ऊपर वन होता है” तथा उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण एवं वन संरक्षण की शपथ दिलाई।
भारत सरकार की नगर वन योजना एवं ग्रीन इंडिया मिशन के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से 44 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस नगर वन में जैन तीर्थंकर वाटिका, नक्षत्र वाटिका, पक्षी विहार, हवाई गार्डन, एडवेंचर जोन, कृत्रिम झरना सहित पहाड़ी क्षेत्र को हराभरा किया गया है। परियोजना का कार्य वर्ष 2020 में प्रारंभ होकर अब पूर्ण हुआ।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वनों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक सिसोदिया, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना एवं वन मंडल अधिकारी संजय रायखेरे भी मौजूद थे।
सांसद सुधीर गुप्ता ने जल संरक्षण एवं सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी दी, जबकि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने नगर वन की परिकल्पना को सराहनीय बताते हुए क्षेत्र को प्लास्टिक फ्री जोन घोषित करने का सुझाव दिया।
