
विएना/तेहरान, 28 जुलाई (वार्ता) ईरान ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र की ‘अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की एक टीम अगले दो हफ़्तों के भीतर ईरान का दौरा करेगी।
टाइम्स ऑफ़ इज़राइल अखबार में सोमवार को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बाघेई के हवाले से यह खबर दी गयी। श्री बाघेई ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के साथ ईरान के सहयोग के भविष्य के बारे में एक नियमावली प्रस्तुत की जाएगी जो हालिया संसदीय विधेयक पर आधारित होगी जिसमें इस तरह के सहयोग को प्रतिबंधित किया गया है।
यह विधेयक पिछले महीने इज़राइल के साथ ईरान के 12-दिवसीय चले युद्ध के बाद पारित किया गया था जिसमें इज़राइल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाया था।
25 जून को ईरानी संसद ने आईएईए के साथ अपने सहयोग को समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया था जिसमें एजेंसी पर राजनीतिक पक्षपात करने और इज़राइल को उसके परमाणु कार्यक्रम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने का आरोप लगाया गया।
गौरतलब है कि ईरान के एक अधिकारी ने हाल ही में कहा था कि ईरान तकनीकी बातचीत के लिए आईएईए के दल को अनुमति देने को तैयार है लेकिन वह उन्हें निरीक्षण की अनुमति नहीं देगा। इस बीच आईएईए प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने भी इस बात की पुष्टि की थी।
