
बीना। खिमलासा रोड पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण के चलते बने घटिया वैकल्पिक मार्ग और रेलवे अंडरब्रिज पर गंदगी-जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस सेवादल ने मोर्चा खोल दिया। सेवादल अध्यक्ष ओमप्रकाश पासु एवं शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष प्रमोद राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और तत्काल सुधार की मांग की।वैकल्पिक मार्ग की हालत दयनीय, पहली बारिश में ही धंसा रास्ता ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बीना शहर और ग्रामीण क्षेत्र की जनता खिमलासा रोड पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण में देरी के कारण परेशान है। शासन द्वारा अंडरब्रिज मार्ग को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में परिवर्तित किया गया था, लेकिन पिछले काफी समय से चल रहे रोड निर्माण और सर्विस रोड के काम के बावजूद अंडरब्रिज मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और अव्यवस्थाएं फैली हुई हैं। पहली ही बारिश में यह मार्ग कीचड़ से भर गया। इससे लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, वाहन जाम में फंस रहे हैं। शासन द्वारा समय पर व्यवस्थाएं न करने के कारण बीना की लगभग 60% जनता ने बीना शहर से दूरियां बना ली हैं। सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना बना मुश्किल शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष प्रमोद राय ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालय खिमलासा रोड पर स्थित हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बीना आने-जाने में घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले समय में स्कूल खुलने वाले हैं, जिससे बच्चों के अभिभावकों में चिंता की लकीरें साफ झलक रही हैं।निर्माण एजेंसी-इंजीनियर पर लापरवाही का आरोप, FIR की मांग नेता प्रतिपक्ष प्रशांत राय ने आरोप लगाया कि ओवरब्रिज निर्माण एजेंसी एवं इंजीनियर की लापरवाही के कारण शहरी और ग्रामीण जनता परेशान है। निर्माण एजेंसी और इंजीनियर को पता था कि मानसून आने वाला है, इसके बावजूद शहर के बीचों-बीच खुदाई का काम शुरू कर दिया गया। वैकल्पिक मार्ग के लिए खेत में से रास्ता देने के कारण आम जनता को अत्यधिक परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि इस लापरवाही के लिए निर्माण एजेंसी और संबंधित इंजीनियर पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए और अतिशीघ्र समस्या का समाधान किया जाए।
