गुना: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। 108 एम्बुलेंस सेवा की घोर लापरवाही के कारण म्याना निवासी जगदीश प्रसाद ओझा की जान चली गई। बताया जाता है कि गंभीर हालत में म्याना अस्पताल से गुना रेफर किए जाने के बाद ओझा को एम्बुलेंस से लाया जा रहा था, तभी भदौरा के पास वाहन का टायर पंचर हो गया और फट गया।
हैरानी की बात यह रही कि एम्बुलेंस में स्टेपनी तक नहीं थी, जिससे मरीज को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। करीब 45 मिनट तक सड़क किनारे फंसी एम्बुलेंस में ही मरीज ने दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल और गुना तहसीलदार गौरीशंकर बेरवा जिला अस्पताल पहुंचे।
विधायक अग्रवाल ने एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही को स्वास्थ्य तंत्र की असंवेदनशीलता बताया और आरोप लगाया कि प्रदेश में 108 एम्बुलेंस सेवा के नाम पर 600 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
