इटारसी: रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों की बढ़ती सक्रियता से लायसेंसी ठेकेदारों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदारों का कहना है कि वे निर्धारित शुल्क नियमित रूप से रेलवे को जमा करते हैं, बावजूद इसके प्लेटफार्मों पर अवैध वेंडर खुलेआम कारोबार कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, स्टेशन के लगभग 30 स्टॉलों पर लायसेंसी ठेकेदारों के साथ-साथ कई अनधिकृत वेंडर भी सक्रिय हैं। आउटर पर खड़ी ट्रेनों में भी अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस कारण यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता पर असर पड़ रहा है।
रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य राजा तिवारी ने बताया कि आउटर पर खड़ी ट्रेनों में चढ़ने वाले अवैध वेंडरों के खाने से कई बार यात्रियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह विषय अधिकारियों के समक्ष गंभीरता से उठाया जाएगा ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके।
