
धार। मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार 2026 के अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के 10 कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिए सम्मानित किया गया है। इस प्रतिष्ठित सूची में धार (मध्यप्रदेश) के कलाकार अनुप श्रीवास्तव को उनकी कृति “मांडू सीरिज़ – 1” के लिए राममनोहर सिन्हा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
“मांडू सीरिज़ – 1” में कलाकार ने ऐतिहासिक नगरी मांडू की स्थापत्य सुंदरता, प्रकृति और सांस्कृतिक वातावरण को अपने विशिष्ट रंगबोध के साथ प्रस्तुत किया है। इस श्रृंखला में मांडू के स्मारकों, स्थापत्य और वहाँ की रंगीन सांस्कृतिक स्मृतियों को समकालीन कला भाषा में अभिव्यक्त किया गया है।
अनुप श्रीवास्तव मध्यप्रदेश के सक्रिय समकालीन चित्रकारों में से एक हैं और वर्तमान में धार से कला सृजन कर रहे हैं। वे अब तक 10 से अधिक एकल प्रदर्शनियाँ कर चुके हैं तथा भारत और विदेशों में लगभग 25 कला शिविरों में भाग ले चुके हैं, जिनमें मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कला शिविर भी शामिल है। उनकी कला श्रृंखलाएँ “रंग मांडू” और “रंग बाज़ार” विशेष रूप से चर्चित रही हैं, जिनमें मालवा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, स्थापत्य और लोकजीवन के रंगों को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया गया है।
मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार प्रदेश के कलाकारों को दिया जाने वाला एक महत्वपूर्ण सम्मान है, जो समकालीन कला में उनके रचनात्मक योगदान को मान्यता देता है। इस उपलब्धि पर कला जगत और कला प्रेमियों ने कलाकार अनुप श्रीवास्तव को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
