रांची, 21 सितम्बर (वार्ता) झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुजनी ने अमेरिका में एच-1बी वीज़ा फीस को लगभग 88 लाख रुपये तक बढ़ाए जाने को मोदी सरकार की भयंकर विफलता और भारतीय युवाओं के भविष्य पर बड़ा संकट बताया है।
श्री मुजनी ने आज यहां कहा कि यह वृद्धि सीधे भारतीय आईटी सेक्टर और लाखों भारतीय प्रोफेशनल्स के करियर पर गहरा सवाल खड़ा करती है।
श्री मुजनी ने कहा कि जबकि विदेशी दौरों और इवेंट मैनेजमेंट में मोदी सरकार सक्रिय है, लेकिन भारतीय युवाओं एवं प्रोफेशनल्स के हितों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। भाजपा की खामोशी देश के साथ धोखा करने जैसा है। उन्होंने बताया कि पहले तीन साल के लिए इस वीज़ा की फीस लगभग 5,000 डॉलर थी, जिसे बढ़ाकर अब करीब 1,00,000 डॉलर कर दिया गया है। अमेरिका में हर साल लगभग तीन लाख भारतीय एच-1बी वीज़ा पर जाते हैं, जिनका 70% हिस्सा भारतीय ही हैं। ऐसे में यह फैसला भारत के लिए बहुत बड़ा नुकसान साबित होगा।
श्री मुजनी ने कहा कि भाजपा सरकार यह दावा करती है कि भारत-अमेरिका संबंध बेहतर हो रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि इसका लाभ कभी भी आम भारतीय छात्रों, युवाओं और प्रोफेशनल्स को नहीं मिल पाता। जब कड़वी सच्चाई सामने आती है, तब मोदी सरकार चुप्पी साध लेती है और समझौते की राह अपनाती है।
श्री मुजनी ने इसे भाजपा की राजनीतिक और कूटनीतिक नाकामी बताया और कहा कि इससे भारतीय आईटी क्षेत्र व अर्थव्यवस्था पर संकट छाया हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पहले से जारी चेतावनी को याद दिलाते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की। सरकार को इस विफलता का जवाब देना होगा, क्योंकि यह भारतीय युवाओं के भविष्य से छेड़छाड़ के समान है।
एच-1बी वीज़ा फीस में भारी वृद्धि पर भाजपा सरकार की चुप्पी, भारतीय युवाओं के सपनों पर संकट : कांग्रेस
