
शीतलामाई क्षेत्र में दमकल विभाग की खुली पोल
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर के दमकम विभाग की लापरवाही की पोल उस वक्त खुल गई जब शीतलामाई क्षेत्र स्थित लकड़ी के साउंड बॉक्स बनाने की दुकान में शॉट-सर्किट की वजह से भड़की आग को बुझाते समय फायर ब्रिगेड के वाहन का पानी खत्म हो गया। अचानक पानी खत्म होने से फायर अमला भी खुद सकते में आ गया और फिर स्थानीय लोगों ने तत्काल दूसरे फायर ब्रिगेड के वाहन को मौके पर बुलाया।
लिहाजा इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहगीरों को किनारे कर दिया और फिर आनन-फानन में दुकान के बाजू में स्थित एक रहवासी के घर की बोरिंग को चालू कराकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आग बुझते-बुझते फायर ब्रिगेड का दूसरा वाहन भी मौके पर पहुंच गया था लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।
पड़ोसी की बोरिंग से पाया आग पर काबू
स्थानीय लोगों ने नवभारत को बताया कि अगर बोरिंग से आग पर काबू नहीं पाया जाता तो क्षेत्र में एक बड़ी अग्रि दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। इस पूरी लापरवाही ने दमकल विभाग की सक्रियता और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी होती है ये जानकर कि आग बुझाने कोई वाहन जाता है और पानी की कुछ ही देर सप्लाई के बाद वाहन का पानी खत्म हो जाता है।
