कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया रक्तदान

सीधी।मानवता की सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश देते हुए जिला रक्त केंद्र, सीधी में कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने स्वयं रक्तदान कर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। यदि समाज में नियमित रक्तदान की संस्कृति विकसित हो जाए, तो किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।

शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 18 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से जोड़ें और अधिक से अधिक लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग एवं जिला रक्त केंद्र की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे, सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे, ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अमन सिंह चंदेल, पैथोलॉजिस्ट डॉ. सुनिधि सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से शिविर का सफल संचालन किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि आपका एक यूनिट रक्त किसी के लिए संपूर्ण जीवन का उपहार बन सकता है।

Next Post

कटनी में पासपोर्ट सेवा केन्द्र स्थापित न होने के मामले में मोहलत

Fri Jun 26 , 2026
जबलपुर। कटनी जिले में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र स्थापित किये जाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है। हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस विवेक रूसिया व जस्टिस विजय शुक्ला की युगलपीठ के समक्ष सुनवाई दौरान केन्द्र सरकार की ओर से असिस्टेंट सालिसिटर जनरल उपस्थित […]

You May Like