इंदौर: आज से शुरू हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन के तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त ने जायजा लिया. सम्मेलन में देश-विदेश से आने वाले अतिथियों का शहर में विभिन्न स्थानों पर भ्रमण प्रस्तावित है. मेहमानों को प्रस्तावित भ्रमण को लेकर आयुक्त कल सुबह शहर के प्रमुख पर्यटन, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया.
निगम आयुक्त क्षितिज सिंगल ने कल सुबह 56 दुकान,राजवाड़ा, ढक्कन वाला कुआं, ग्रामीण हाट बाजार स्थलों का निरीक्षण किया.
उक्त जगहों पर सफाई व्यवस्था, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, संकेतक बोर्ड, पार्किंग तथा मेहमानों की सुविधाओ का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्रिक्स सम्मेलन में आने वाले देशी विदेशी प्रतिनिधियों के सामने स्वच्छता, सांस्कृतिक एवं नगरीय व्यवस्थाओं पर बेहतरीन कार्य होना चाहिए. सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता से पूर्ण किए जाएं. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह, अभय राजनगांवकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
