
मऊगंज, कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने प्रभारी छात्रावास अधीक्षक प्रभात कुमार रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उल्लेखनीय है कि राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह अनुसूचित जनजाति सीनियर बालक छात्रावास, पिपराही के आकस्मिक निरीक्षण में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर प्रभारी अधीक्षक को निलंबित किया गया है.
निरीक्षण के दौरान दर्ज 42 विद्यार्थियों में से मात्र 2 उपस्थित मिले. छात्रावास में बिस्तरों की कमी, भोजन तैयार नहीं होने, रसोई में खराब खाद्य सामग्री तथा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री का अभाव पाया गया. परिसर में अनधिकृत रूप से निजी ट्रैक्टर भी खड़ा मिला. निरीक्षण में पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है. निलंबन अवधि में श्री रावत का मुख्यालय कार्यालय जिला संयोजक, अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग, मऊगंज निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.
