आष्टा। नजदीकी ग्राम खाचरोद में भीषण आग लगने से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 7 से 8 एकड़ में खड़ी फसल खाक हो गई. इस घटना में किसानों को करीब 150 क्विंटल गेहूं का नुकसान होने का अनुमान है. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया. घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड दो घंटे की देरी से पहुंची. तब तक अधिकांश फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी. बाद में दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया. आगजनी की इस घटना में नौगांव निवासी किसान लक्ष्मण सिंह और सिद्धू सिंह की करीब 6.30 एकड़ तथा खाचरोद निवासी मेहरबान सिंह की डेढ़ एकड़ फसल पूरी तरह जल गई. इस आग से करीब 150 क्विंटल गेहूं का नुकसान हुआ है. घटना की जानकारी मिलने पर पटवारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा बनाकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है.
