
सागर। शादी की खुशियों से भरी एक बारात देखते ही देखते शोकसभा में बदल गई जब जश्न के बीच चली एक लापरवाह गोली ने 15 वर्षीय बैंड वादक विवेक बंसल की जिंदगी छीन ली। गोला कुआं क्षेत्र से गुजर रही बारात में अचानक हुई फायरिंग ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सीने में गोली लगते ही विवेक जमीन पर गिर पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस जानकारी के अनुसार मोतीनगर स्थित सागर सरोज मैरिज गार्डन में सोनी परिवार का विवाह समारोह आयोजित था। बारात गार्डन की ओर बढ़ रही थी और बैंड पार्टी सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने देसी कट्टे से फायर कर दिया। गोली सीधे बैंड बजा रहे किशोर के सीने में जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।
