इंदौर: शहर में बड़े संस्थानों और प्रभावशाली लोगों को कुख्यात गिरोहों के नाम पर डराने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. महू में व्यापारी को लॉरेंस गैंग के नाम पर मिली धमकी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब सांवेर रोड स्थित अरबिंदो हॉस्पिटल के महाप्रबंधक को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के नाम से धमकी भरा फोन आने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है.
बाणगंगा लिस के अनुसार अस्पताल के महाप्रबंधक राजीव सिंह और सहायक प्रबंधक नीरज सेन को देर रात +1812 सीरीज के विदेशी नंबर से कॉल किया गया. कॉल करने वाले ने खुद को दाऊद इब्राहिम के न्यूयॉर्क नेटवर्क से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए धमकी दी. प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उनके मुताबिक पूरा मामला अस्पताल परिसर में घूमने वाले आवारा कुत्तों को हटाने को लेकर उपजे विवाद से जुड़ा है. पुलिस को आशंका है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने पहचान छिपाने के लिए इंटरनेट कॉलिंग का सहारा लेते हुए अंडरवर्ल्ड के नाम का इस्तेमाल किया.
महू के व्यापारी से फिरौती मांगने का मामला बना चुनौती
उधर, महू में अस्पताल संचालक के बेटे से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला अब भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है. धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए ‘हैरी बॉक्सर’ नाम से संपर्क किया था और अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल किए गए थे. तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने डाटा मांगा है, जिससे कॉल करने वालों की लोकेशन ट्रेस की जा सके. बाणगंगा थाना और देहात पुलिस साइबर सेल के सहयोग से दोनों मामलों की गहन पड़ताल कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों का मकसद दहशत फैलाकर वसूली करना या दबाव बनाना होता है, लेकिन जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर सख्त कार्रवाई की जाएगी
