धूल हटाने, ऑक्सीजन लेवल ठीक करने लगाए गए 3 वाटर मिस्ट टॉवर

जबलपुर: शहर के व्यस्ततम चौराहों से धूल मिटाने और ऑक्सीजन लेवल ठीक करने के उद्देश्य से नगर निगम ने 3 प्रमुख चौराहों में तीन वाटर मिस्ट टॉवर लगा दिए हैं। ये वाटर मिस्ट टॉवर नगर निगम की वर्कशॉप में बनाए गए फिर उसके बाद उसे चौराहों में स्थापित किया गया।नगर निगम वर्कशॉप के कार्यपालन यंत्री जीएस मरावी ने नवभारत को बताया कि अभी तक तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, कलेक्ट्रेट चौक में वाटर मिस्ट टॉवर लगा दिए गए हैं, इनमें से तीन पत्ती चौक का वाटर मिस्ट टॉवर चालू कर दिया गया है जबकि मालवीय चौक, कलेक्ट्रेट चौक में लगे वाटर मिस्ट टॉवर को एक से दो दिन में चालू कर दिया जाएगा। श्री मरावी के अनुसार आने वाले दिनों में शहर के अन्य सबसे व्यस्ततम चौराहों में इस टॉवर को स्थापित करने 2 और नए वाटर मिस्ट टॉवर बनाए जाएंगे।
क्या है वाटर मिस्ट टॉवर
यह एक लंबा टावर होता है जिसमें चारों तरफ रिंग लगे हुए होते हैं और इन्हीें रिंग के माध्यम से पानी चारों तरफ फॉग करता है। इसके माध्यम से की गई फॉगिंग से जहां जहां धूल होती है वह हट जाती है और शहरवासियों को जो धूल की वजह से सांस लेने में दिक्कत होती है , यह होना बंद हो जाता है। एक वाटर मिस्ट टावर की लागत करीब 20 हजार रुपए है जिसमें एक हजार लीटर की पानी की टंकी कनेक्टेड रहती है। टंकी के अंदर पनडुब्बी लगी हुई होती है जिससे पानी सर्कुलेट होता है। जानकारी के अनुसार वाटर मिस्ट टॉवर में पानी की टंकी भरने की जिम्मेदारी फायर ब्रिगेड अमले को दी गई है। वाटर मिस्ट टॉवर को चलाने के लिए पानी को साफ रखना बेहद जरूरी होता है जिससे नोजल जाम न हो, इसके लिए अक्सर फिल्टर का उपयोग किया जाता है।
ये हैं विशेषताएं
–उच्च दबाव वाले नोजल के माध्यम से पानी को इतनी महीन बूंदों में बदला जाता है कि वे धुआं जैसी दिखती हैं और सड़क पर जमी धूल को पूरी तरह खत्म कर देतीं हैं।
–यह धुंध हवा में तुरंत वाष्पित हो जाती है, जिससे आसपास की गर्मी सोख ली जाती है और तापमान कम हो जाता है।
— वाटर मिस्ट सिस्टम का उपयोग आग बुझाने के लिए भी किया जाता है, क्योंकि यह पानी की बूंदों का उपयोग करके आग की गर्मी को सोख लेता है और ऑक्सीजन की आपूर्ति को कम कर देता है।
— कम लागत में पूरा सिस्टम तैयार हो जाता है।
–हानिकारण गैसों का उपयोग किए बगैर वाटर मिस्ट टॉवर को खड़ा किया जाता है जो कि पर्यावरण के लिए अनुकूल रहता है।
–पारंपरिक छिड़काव प्रणालियों की तुलना में बहुत कम पानी खर्च करता है।

Next Post

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, पुनर्वास की व्यवस्था अधूरी

Tue Mar 10 , 2026
जबलपुर: मदनमहल पहाड़ी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जों को हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने फिर से कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश के तहत प्रशासनिक अमला बुल्डोजर के साथ मौके पर पहुंचा और कई मकानों को तोड़ा गया। हालांकि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच विस्थापित […]

You May Like