
भोपाल.14 मार्च भोपाल क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में लगभग 385.5 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मुख्य आरोपी फरार है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर, पुलिस ने मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के पास छापेमारी की, जहां से शुभम भोपरे नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में, उसके कमरे से 350.250 लीटर शराब जब्त की गई।
दूसरी घटना में, पुलिस ने शांति नगर जैन मंदिर के पीछे एक पार्किंग में छापेमारी की, जहां से सचिन पासी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में, उसके टीन शेड से 35.250 लीटर अवैध शराब मिली।
पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि शहर में अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
