नयी दिल्ली, 09 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर राष्ट्रीय राजधानी के सामाजित ताना-बाना को बिगाड़ने का आरोप लगाया है और कहा है कि वह भाजपा के विरूद्ध सुनियोजित तरीके से झूठ फैला रही हैं, जिसकी शिकायत दिल्ली पुलिस से की गयी है और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गयी है।
गौरतलब है कि श्रीमती मोइत्रा ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर राष्ट्रीय राजधानी के चितरंजन पार्क स्थित मछली बाजार के दुकानदारों को धमकाने का एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में कुछ युवक दुकानदारों को धमका रहे हैं और मंदिर के निकट मांस और मछली की बिक्री बंद करने को कह रहे हैं।
उन्होंने लिखा, “कृपया देखें भगवा ब्रिगेड के भाजपा गुंडे दिल्ली के चितरंजन पार्क में मछली खाने वाले बंगालियों को धमका रहे हैं। निवासियों का कहना है कि 60 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “सीआर पार्क में जिस मंदिर पर भाजपा के गुंडे दावा कर रहे हैं, उसे मांसाहारी विक्रेताओं ने बनवाया है! वे वहां प्रार्थना करते हैं। वहां पूजाएं होती हैं। दिल्ली में भाजपा सरकार के तीन महीने। सालगिरह का अच्छा तोहफा।”
श्री सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्रीमती मोइत्रा की ओर से इस तरह के वीडियो पोस्ट करने की घटना की निंदा की और कहा कि उन्होंने अनजान लोगों द्वारा बनाये गये वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट करके दिल्ली का सामाजिक ताना बना बिगाड़ने का काम किया है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा रॉय भी मौजूद थीं।
उन्होंने कहा कि श्रीमती मोइत्रा पहले भी भाजपा के विरूद्ध सुनियोजित तरीके से झूठ फैलाती रही हैं और यह वीडियो भी उसी खेल का एक हिस्सा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि सीआर पार्क से जिन मछली दुकानों को हटाने की बात उक्त वीडिया में की गयी है, वह लगभग छह दशक से है और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा आवंटित हैं। वहां अधिकांश दुकानदार हिन्दू है, क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों से जुड़ें और बाजार में सभी स्वच्छता नियमों का पालन करते हैं। क्षेत्र की जनता की मूल आवश्यकता हैं, ये मछली की दुकानें और इनमे से कई दुकानदार तो राजनीतिक रूप से भाजपा से जुड़े हुए भी है।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि यदि श्रीमती मोइत्रा एक सांसद होने के नाते गम्भीरता होती, तो वह सोशल मीडिया पर इस तरह का वीडियो पोस्ट करके सनसनी फैलाने की बजाय इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस से करतीं।
उन्होंने कहा, “हम दिल्ली पुलिस से मांग करते हैं कि ना सिर्फ यह समाज विरोधी वीडियो बनाने वाले युवकों को गिरफ्तार करें, बल्कि श्रीमती मोइत्रा की ओर से सनसनी फैलाने के लिए वीडियो पोस्ट करने को लेकर उनके खिलाफ भी जांच करे।”
इस मौके पर श्रीमती रॉय ने कहा, “सीआर पार्क सामाजिक सौहार्द भरा एक क्षेत्र है, जहां होने वाली दुर्गा पूजा में दिल्ली ही नहीं, आसपास के शहरों से आये उत्तर भारतीय लोग बंगाल की सभ्यता का आनंद लेते हैं।” उन्होंने कहा कि स्थानीय मछली बाजार पूरी तरह कानून का पालन कर चल रही है और भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता मछली बाजार के दुकानदारों के साथ सामाजिक रूप से खड़े हैं। उन्हे डराने, धमकाने और हटाने को प्रयास सफल नहीं होने देंगे।
श्री कपूर ने कहा कि दिल्ली में देश के सभी राज्यों के लोग रहते हैं और अपने रीति- रिवाज़, सभ्यता का पालन करते हैं और भाजपा सरकार किसी को भी यहां बसे अन्य राज्यों के लोगों की सभ्यता का अपमान नहीं करने देगी। उन्होंने कहा कि सीआर पार्क स्थित मछली बाजार के दुकानदार दिल्ली में भी उतनी ही सुरक्षित तरीके से व्यापार करते हैं, जितना वह कोलकाता में करते हैं।
उन्होंने कहा कि सम्भवतः तृणमूल सांसद का यह वीडियो पोस्ट करने का एक मकसद बंगाल में चल रही उनकी पार्टी के आंतरिक विवाद से लोगों का ध्यान भटकाना या सस्ती लोकप्रियता तथा खबरों में बने रहना हो सकता है।
