भोपाल, 28 जून (वार्ता) सोशल मीडिया पर वायरल किए गए एक वीडियो के संदर्भ में स्वयं पर मामला दर्ज होने के संबंध में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि विपक्ष का दायित्व शोषितों की आवाज उठाना है और सरकार ने उन पर मामला दर्ज कराकर इस बात का प्रमाणपत्र दे दिया है कि वे (स्वयं श्री पटवारी) अच्छा काम कर रहे हैं।
श्री पटवारी ने अपने बयान में कहा कि यातनाओं के खिलाफ आवाज उठाना विपक्ष का दायित्व है, सरकार को ऐसे मामलों में कार्रवाई और जांच करनी चाहिए। इससे उलट सरकार आवाज उठाने पर एफआईआर करा रही है।
श्री पटवारी ने कहा कि उन पर एफआईआर का मतलब है कि सरकार उन्हें अच्छा काम करने का प्रमाणपत्र और मेडल दे रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार अगर उन्हें जेल भेज कर भी शोषित को न्याय दे दे तो उनका जेल जाना भी ठीक है।
उन्होंने दावा किया कि पीड़ित युवक बालिग है और उन्होंने उससे पूछ कर ही उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया।
श्री पटवारी ने कहा कि वे इसके बाद भी पीड़ितों की आवाज उठाते रहेंगे।
