
जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को शहर में स्कूली बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहन एवं वाहन चालकों की चेकिंग की गई, जिसमें कमी पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत 45 स्कूल वाहनों पर कार्यवाही करते हुए 21400 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जानकारी के अनुसार तीनों यातायात थाना पुलिस द्वारा अपने- अपने क्षेत्रों में चेकिंग की गई। जिसमें मालवीय चौक थाना क्षेत्र में 7 वाहनों से 2400 रुपए का जुर्माना, गढ़ा थाना क्षेत्र में 10 वाहनों से 5000 रुपए जुर्माना और घमापुर थाना क्षेत्र में 28 वाहनों से 14000 रुपए का जुर्माना वसूला गया, साथ ही वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था बनाने और वाहनों का फिटनेस रखने समझाइश दी गई। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी के निर्देशन में हुई। कार्यवाही के दौरान मालवीय चौक डीएसपी संतोष कुमार शुक्ला, गढ़ा यातायात डीएसपी बैजनाथ प्रजापति घमापुर यातायात डीएसपी संगीता डामोर, थाना प्रभारी इंद्रा ठाकुर, सूबेदार रोशनी केशरवानी, मनीष प्यासी, सूबेदार राहुल सिंह सहित यातायात पुलिस बल मौजूद था।
इन स्कूल वाहनों पर हुई कार्यवाही
यातायात पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एपीएन स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल, सेंट अलॉयसिस स्कूल, महर्षि स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल,स्मॉल वंडर स्कूल, क्राइस्ट चर्च स्कूल एवं सेंट गेब्रियल स्कूल के वाहनों की चेकिंग कर चालानी कार्यवाही की गई।
