
आलीराजपुर। जिले की प्रतिभाशाली शूटिंग खिलाड़ी कुमारी सुश्री वेदिका महेश पटेल ने 29वीं एम.पी. स्टेट .22 राइफल शूटिंग चैंपियनशिप (बीएसएफ रियोटी रेंज, इंदौर) में शानदार प्रदर्शन करते हुए अलीराजपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में सुश्री वेदिका ने यूथ, जूनियर एवं सीनियर व्यक्तिगत वर्ग में रजत पदक अर्जित किए, वहीं टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री संतरा निनामा सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने वेदिका को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री संतरा निनामा ने बताया कि वेदिका ने बिना नियमित प्रशिक्षण से यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि वेदिका को निरंतर एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तो वह भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर सकती हैं।
