सतना: जिले के उचेहरा क्षेत्र में सोमवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और बेर के आकार के ओले गिरे। करीब पांच मिनट तक हुई ओलावृष्टि ने करही कला, पथरहटा और आसपास के गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई।हालांकि ओलों की तीव्रता कम समय के लिए रही, फिर भी जमीन पर सफेद परत जैसी स्थिति बन गई।
इस अचानक हुए मौसम परिवर्तन से आम जनजीवन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन किसानों के लिए यह चिंता का विषय बन गया है। विशेष रूप से सब्जी और आम की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं बल्कि खरीदी केंद्रों के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली में उपज लेकर खड़े किसानों के सामने बेमौसम बारिश से अपनी फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई । सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
देहात क्षेत्र में ओलों के साथ तेज बारिश
मैहर। जिले के देहात नादन क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। क्षेत्र में जोरदार बारिश के साथ ओलावृष्टि (बर्फबारी) लगभग 100-100 ग्राम हुई, दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ काले बादल छा गए। इसके बाद अचानक बारिश शुरू हो गई और कुछ ही देर में बड़े-बड़े ओले गिरने लगे। करीब एक घंटे तक चली इस बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया है
