सतना : शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहले करते हुए नगर निगम द्वारा सोमवार को 10 इलेक्ट्रिक वाहनों को हरी झण्डी दिखाई गई. इन वाहनों का उपयोग निगमायुक्त सहित ननि के अन्य अधिकारियों द्वारा किया जाएगा.सोमवार को महापौर योगेश कुमार ताम्रकार द्वारा ननि कार्यालय परिसर में खड़ी 10 इलेट्रिक वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया. इस दौरान अधीक्षक यंत्री एस के सिंह, कार्यपालन यंत्री मुकेश चतुर्वेदी और के पी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर निगमायुक्त शेर सिंह मीणा ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंंंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ननि प्रतिबद्ध है. उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे नवाचार किए जाते रहेंगे. जिससे सतना को एक आदर्श ग्रीन सिटी के रुप में विकसित किया जा सके. गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा अब तक पेट्रोल अथवा डीजल वाले वाहनों का उपयोग किया जा रहा था. पहले चरण में उनमें से 10 वाहनों को विस्थापित करते हुए उनके स्थान पर ईवी वाहनों का उपयोग किया जाएगा.
सोलर पैनल से होगी चार्जिंग
जनसंपर्क अधिकारी ननि धीरज कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय की छत पर 80 केवी की क्षमता वाले सोलर पैनल लगाए गए हैं. जिनके जरिए इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा. वाहनों की चार्जिंग के लिए ननि के पार्किंग क्षेत्र में 4 पोर्ट लगाए गए हैं. जिन 10 इलेक्ट्रिक वाहनों को ननि द्वारा उपयोग में लाया जाएगा उनमें 1 टाटा हैवियर, 4 टाटा पंच और 5 टाटा नेक्सॉन वाहन शामिल हैं. जिसमें से हैवियर का उपयोग निगमायुक्त द्वारा किया जाएगा.
