
रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत मानस नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पार कर दिये. चोरों ने कमरे का ताला तोडक़र शादी के लिए रखे गहने और कपड़े चोरी कर लिए.
पीडि़त दिनेश प्रसाद द्विवेदी मानस नगर में शिवचंद्र श्रीवास्तव के मकान में किराए से रहते हैं. वे अपनी बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे और एक-एक रुपया जोडक़र जेवरात व कपड़े एकत्र किए थे. घटना के समय परिवार किसी काम से गांव गया हुआ था. शुक्रवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था. चोरों ने अलमारी में रखे 70 हजार रुपये नकद, करीब 4.5 तोला सोने के आभूषण मंगलसूत्र, चैन, अंगूठी, झुमकी, और भारी मात्रा में चांदी के पायल पार कर दिए. आभूषणों के साथ-साथ चोरों ने बेटी की शादी के लिए खरीदी गई कीमती साडिय़ाँ, लहंगा, सूट और ब्लेजर भी समेट लिए. पुलिस ने फिलहाल शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
