
आलीराजपुर। शहर में हुई नकबजनी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 5.10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण एवं मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि फरियादी रविन्द्रसिंह पिता नटवरसिंह भाटी (72 वर्ष) निवासी डॉन बॉस्को रोड, माताजी मंदिर के पीछे, आलीराजपुर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 फरवरी 2026 को वे अपनी पत्नी रंजना भाटी के साथ पुत्र मिथुन से मिलने इंदौर गए थे। वापस लौटने पर घर के दाहिने तरफ का दरवाजा खुला मिला तथा उसकी चटकनी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखने पर पुत्र के कमरे की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखा सोने के आभूषणों का बॉक्स खाली मिला।
फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 331(4) व 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी अश्वनी कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सितोले के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में दीपक उर्फ अन्ना पिता मदन हजारिया (18) निवासी आषाढ़पुरा, संजय उर्फ बाबा उर्फ नाना पिता सेकू बामनिया भील (19) निवासी ताड़ गली आलीराजपुर तथा मजानसिंह उर्फ मदन पिता बलराम सोलंकी (26) निवासी आषाढ़पुरा ने 18 फरवरी 2026 को चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई तोला सोने का गले का हार, सोने की दो लटकन, एक सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, चांदी के कड़े, चांदी की बिछिया तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 5,10,000 रुपये बताई गई है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सितोले, उपनिरीक्षक मुकेश कनासिया, सहायक उपनिरीक्षक अरुण राठौर, रामकुमार यादव, लक्ष्मण देवड़ा, प्रधान आरक्षक सुनील डुडवे, फुंदी चौहान सहित आरक्षक गंगाराम, सुमित, दिनेश, अकरम मैडा, राजेन्द्र, रमेश निंगवाल, राजेश, संतोष, मुकेश, प्रकाश, सुरत, जितेन्द्र तथा सायबर सेल के प्रधान आरक्षक दिलीप व आरक्षक प्रमोद, नागरसिंह, संदीप और राहुल का सराहनीय योगदान रहा।
