इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में देर रात खड़ी गाड़ियों में आग लगाकर दहशत फैलाने वाले सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एक साथ पांच वाहनों को आग के हवाले करने की घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ आक्रोश फैल गया था. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने उसे दबोच लिया.
घटना के अगले दिन सुबह जब कॉलोनी के लोगों ने अपने वाहनों को जली हुई हालत में देखा तो अफरा-तफरी मच गई. अज्ञात युवक ने रात के अंधेरे में एक-एक कर 5 वाहनों को निशाना बनाते हुए आगजनी की थी, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी बेखौफ होकर वाहनों में आग लगाते नजर आया. इसके आधार पर उसकी पहचान शिवा गौड़ के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से विवादित रहा है. हाल ही में बाणेश्वर कुंड पर एक प्रेमी जोड़े के साथ मारपीट के वायरल वीडियो में भी वह शामिल था. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया. साथ ही और किन-किन मामलों में वह शामिल रहा है. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
