मुंबई, 24 अप्रैल (वार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मुंबई इंडियंस (एमआई) के ख़िलाफ़ अपनी टीम की जीत को मुकेश चौधरी को समर्पित किया है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने मंगलवार को अपनी मां के निधन के बावजूद टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
मैच के बाद प्रज़ेंटेशन के दौरान गायकवाड़ ने कहा, “उनके (मुकेश चौधरी) लिए यह काफ़ी मुश्किल वक़्त है। मैं इस जीत को उन्हें समर्पित करना चाहूंगा। ऐसी दुखद स्थिति से निकलकर वापस आना मानसिक रूप से बहुत साहस का काम है। वह टीम के लिए वापस आए क्योंकि वह जानते थे कि हमें उनकी जरूरत है। पूरी कामयाबी उन्हीं के नाम है। हमने पहले भी बात की थी। हम यह मैच जीतना चाहते थे और मुझे ख़ुशी है कि हर किसी ने इसमें अपना योगदान दिया और उनके साथ खड़ा रहा।”
चौधरी ने सीजन का अपना दूसरा मैच खेलते हुए लगातार चार ओवर डाले। उनके 4-0-31-1 के आंकड़ों ने मुंबई को 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 104 रनों पर समेटने में मदद की। उन्होंने अपनी पांचवीं गेंद पर ही ख़तरनाक क्विंटन डी कॉक (7 रन) को बोल्ड कर दिया था। गायकवाड़ ने संकेत दिया कि वानखेड़े की पिच पर बल्लेबाज़ी करना आसान नहीं था और उसमें कुछ सूखापन था।
उन्होंने कहा, “मुझे और संजू सैमसन को लगा कि गेंद बल्ले पर अच्छी तरह नहीं आ रही है। वैसे भी 200-210 एक अच्छा स्कोर होने वाला था। अकिल हुसैन के गेंदबाज़ी के लिए आने से बहुत मदद मिली, सभी ने वाक़ई अच्छा योगदान दिया। कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस की 20 रनों की पारियों ने बहुत मदद की, इससे लय बनी रही और संजू ने एक शानदार पारी (54 गेंदों में 101 रन) खेलकर हमें फिर से जीत दिलाई। उनका वाक़ई शुक्रिया, वह ज़बरदस्त रहे हैं।”
गायकवाड़ ने अपने स्पिनरों नूर अहमद और अकिल हुसैन की तारीफ़ की, जिन्होंने मिलकर आठ ओवरों में 41 रन देकर छह विकेट चटकाए और मुंबई की बल्लेबाज़ी को तहस-नहस कर दिया। हुसैन ने 17 रन देकर चार विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया।
गायकवाड़ ने विस्तार से बताया, “हम उस दिशा में बढ़ रहे हैं जहां हम सभी पहलुओं को कवर करने की कोशिश कर रहे हैं। ख़लील उपलब्ध नहीं थे, लेकिन मुकेश ने पहले ओवर की शुरुआत की, ख़ासकर क्विंटन के सामने, जिसने वाक़ई लय तय कर दी। सूर्या (यादव) और तिलक (वर्मा) जैसे खिलाड़ियों के सामने पावरप्ले में तीन ओवर डालना, उन्होंने बहुत अच्छी शुरुआत की। अंशुल कम्बोज हमेशा बल्लेबाज़ों को अच्छी तरह झांसा देते हैं, जेमी ओवर्टन जब भी विकेट में रफ़्तार और उछाल होती है, वह और गुरजपनीत सिंह बीच के ओवरों में हमारे लिए विकेट ले सकते हैं।”
“हमारे पास हमेशा नूर होते हैं और अकिल का होना हमेशा एक वरदान की तरह है, अगर हमें मौक़ा मिले। कुल मिलाकर, हर कोई अपनी भूमिकाओं में ढल रहा है, स्थिर हो रहा है और मुझे लगता है कि हर कोई शांत और संयमित है, वे जानते हैं कि क्या करना है। लेकिन मुझे लगता है कि हमें अगला मैच शून्य से शुरू करना चाहिए, पिच का आकलन करना चाहिए, हमारा अगला मैच दिन का भी है। यह सुनिश्चित करें कि हम इस जीत का आनंद लें, इसे एक तरफ़ रखें और अगले मैच के लिए पूरी तरह तैयार रहें।”
