मुंबई, 16 जुलाई (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय शो ‘यादें’ में आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को भावनाओं, संघर्ष और रिश्तों के नए उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। डॉ. देव की भूमिका निभा रहे अभिनेता इक़बाल खान एक बार फिर डॉक्टर के रूप में अस्पताल लौटते नजर आएंगे, लेकिन उनकी निजी जिंदगी एक बड़े भावनात्मक मोड़ से गुजरने वाली है। शो के आगामी ट्रैक में डॉ. सनी लगातार डॉ. देव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं और उनके अंतिम इंटरव्यू से पहले उनकी दवाइयों की खुराक भी बढ़ा दी जाती है। तमाम मुश्किलों के बावजूद डॉ. देव इंटरव्यू में सफल होकर आधिकारिक रूप से अस्पताल में डॉक्टर के रूप में वापसी करते हैं। हालांकि उनकी यह बड़ी उपलब्धि उस समय फीकी पड़ जाती है, जब डॉ. सृष्टि उन्हें अपनी शादी का निमंत्रण देती हैं और यह स्पष्ट कर देती हैं कि वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं।
सृष्टि के इस फैसले से आहत देव अपने जज़्बातों को भीतर समेट लेते हैं और खुद को पहले से अधिक मजबूत, केंद्रित और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाने का फैसला करते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डॉक्टर के रूप में मिली नई पहचान उन्हें टूटे दिल के दर्द से उबरने में मदद करती है या सृष्टि का फैसला उनकी जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल देता है। इस ट्रैक को लेकर इक़बाल खान ने कहा कि देव के लिए डॉक्टर बनकर लौटना केवल एक नौकरी या सफेद कोट हासिल करने की बात नहीं है, बल्कि अपनी पहचान को फिर से पाने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि सृष्टि की शादी का निमंत्रण देव के लिए गहरा भावनात्मक झटका है, लेकिन वह इस दर्द को अपनी कमजोरी नहीं बनने देते और पहले से अधिक मजबूत इंसान बनकर उभरते हैं। ‘यादें’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे किया जाता है।

