यरूशलम, 04 दिसंबर (वार्ता) फ़िलिस्तीनी समूह हमास ने मारे गए बंधक थाई नागरिक सुदतिसाक रिआनथ्रक का शव गाज़ा से इजरायल को लौटा दिया है और अब उसके पास सिर्फ एक बंधक का शव बचा है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
हमास ने सात अक्टूबर 2023 को इजरायल की सीमा से 250 लोगों को बंधक बनाया था। हालिया युद्धबंदी समझौते के बाद उसने जीवित बंधकों को छोड़ना और मृतक बंधकों के शव लौटाना शुरू कर दिया था। नेतन्याहू कार्यालय ने एक बयान में कहा, “इजरायल पुलिस और इजरायली सेना के सहयोग से नेशनल सेंटर ऑफ़ फ़ोरेंसिक मेडिसिन की पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद, बंधकों और लापता लोगों के संयोजक और इजरायली सेना एवं विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने मारे गये बंधक सुदतिसाक रिआनथ्रक के परिवार को सूचित किया है कि उन्हें इजरायल लौटा दिया गया है। उनकी पहचान पूरी हो गयी है।”
बंधक और लापता लोगों के संयोजक रिटायर्ड ब्रिगेडियर जनरल गैल हिर्श ने सुदतिसाक रिआनथ्रक के परिवार को बताया कि उन्हें उनके देश में दफ़नाने के लिये वापस भेजने का इंतज़ाम इजरायल में थाई दूतावास के साथ मिलकर किया जायेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान में कहा कि वह अंतिम बंधक के शव को लाने की भी पूरी कोशिश कर रहे हैं।
बयान में कहा गया, “सरकार और लापता लोगों का निदेशालय राष्ट्रीय आतंकवाद-विरोधी इकाई के लड़ाके और नायक मास्टर सार्जेंट रैन ग्विली को वापस लाने और सही यहूदी तरीके से दफ़नाने के लिये अथक प्रयास कर रहे हैं।”
उल्लेखनीय है कि इजरायल और हमास के बीच 10 अक्टूबर को संघर्षविराम समझौता लागू हुआ था। इस समझौते के तहत हमास ने सात अक्टूबर, 2023 से गाज़ा में रखे गये 20 कैदियों को रिहा किया। इनकी रिहाई के बाद कोई भी बंधक उनके कब्जे में नहीं है। समझौते के तहत, इसराइल ने गाज़ा से 250 फ़िलिस्तीनी कैदियों और 1,718 बंदियों को रिहा किया है।
हमास कैद में मारे गये इजरायली बंधकों के अवशेष वापस भेज रहा है। अब तक कुल 26 शव वापस लाए गये हैं और उनकी पहचान हो चुकी है।

