
कनाडा के ओंटारियो प्रांत में जंगलों में लगी भीषण आग के बीच कैनेडियन नेशनल (CN) रेलवे की एक मालगाड़ी गंभीर स्थिति में फंस गई। चारों ओर धधकती आग और घने धुएं के कारण दृश्यता लगभग खत्म हो गई थी। इसी दौरान आग की चपेट में आया एक ट्रक ट्रेन से टकरा गया। हालांकि, ट्रेन में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में ट्रेन के दोनों ओर जंगलों में लगी आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं। घने धुएं से पूरा इलाका ढका हुआ है और आसमान नारंगी रंग का नजर आ रहा है। वीडियो में ट्रेन के कर्मचारी वायरलेस सेट के जरिए लगातार मदद मांगते सुनाई देते हैं। हालात बिगड़ने पर कर्मचारियों ने ट्रेन छोड़कर पैदल सुरक्षित स्थान की ओर जाना शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई।
कैनेडियन नेशनल रेलवे ने बताया कि दुर्घटना के बाद एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। साथ ही आर्मस्ट्रॉन्ग क्षेत्र के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यह इलाका उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो में जंगल की आग से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है।
कनाडियन इंटरएजेंसी फॉरेस्ट फायर सेंटर के अनुसार, इस समय पूरे कनाडा में 838 स्थानों पर जंगलों में आग लगी हुई है। ओंटारियो में करीब 150 सक्रिय वनाग्नियां दर्ज की गई हैं, जिनमें कई पर अब भी काबू नहीं पाया जा सका है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अनिवार्य निकासी के आदेश जारी किए हैं और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
जंगलों की आग का असर कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो तक पहुंच गया है। धुएं के कारण शहर की हवा बेहद खराब हो गई है। खराब एयर क्वालिटी को देखते हुए लोगों को घरों के भीतर रहने और बाहर अधिक शारीरिक गतिविधियां करने से बचने की सलाह दी गई है। कई सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
