
खंडवा। बीती रात शहर के किशोर नगर स्थित मनोकामेश्वर हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात हो गई। मंदिर के पुजारी पंडित मनोज उपाध्याय ने बताया कि बदमाश मंदिर से करीब 7 किलो चांदी के मुकुट, छत्र और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ले गए। अलग-अलग दान पात्रों से करीब 10 हजार रुपए नकद भी गायब बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अगम जैन और अभिनव बारंगे मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन मंदिर में हुई इस बड़ी वारदात से लोगों में आक्रोश है। बदमाश मंदिर में लगे CCTV कैमरे भी तोड़कर ले गए, जिससे पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
