राजगीर | बिहार खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित 13वीं सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप के महिला वर्ग में मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन बिहार का जलवा बरकरार है। ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में बिहार ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मध्य प्रदेश को 59-0 और उत्तर प्रदेश को 60-0 के विशाल अंतर से शिकस्त दी। व्यक्तिगत प्रदर्शन में बिहार की स्टार खिलाड़ी आरती कुमारी 35 पॉइंट्स के साथ स्कोरिंग चार्ट में शीर्ष पर रहीं, जो उनकी बेहतरीन फॉर्म को दर्शाता है। बिहार के इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि वे अपने घरेलू मैदान पर खिताब बचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल और केरल की टीमों ने भी अपने अटैकिंग गेम से सबको प्रभावित किया। पश्चिम बंगाल ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा स्कोर करने वाली टीम बनी, जिसने दो मैचों में कुल 129 पॉइंट्स बनाए। केरल की टीम 98 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रही। ओडिशा, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसी टीमों ने भी अपने मैच जीतकर नॉकआउट राउंड के लिए मोमेंटम बनाए रखा है। प्रतियोगिता के दौरान विमेंस ग्रुप स्टेज के मैचों में कुल 1000 से अधिक पॉइंट्स बने, जो भारत में महिला रग्बी के बढ़ते स्तर और प्रतिस्पर्धा को बयां करता है।
ग्रुप स्टेज के समापन के मौके पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और रग्बी इंडिया की बोर्ड मेंबर एंड्रिया क्रिजल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। प्री-क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले देर रात तक चलते रहे, जिससे टूर्नामेंट का उत्साह चरम पर पहुंच गया। अब टीमें नॉकआउट और रैंकिंग मैचों की ओर बढ़ेंगी, जहाँ नेशनल टाइटल की रेस और भी कठिन होने वाली है। बिहार रग्बी एसोसिएशन के सचिव पंकज कुमार ज्योति ने बताया कि टूर्नामेंट के अगले चरणों में और भी हाई-स्कोरिंग और करीबी मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।

