सतना: मैहर जिले के बिगोड़ी गांव में रविवार को माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब महापंचायत के बाद कुछ आक्रोशित लोगों ने एक झोपड़ी में आग लगा दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और स्थिति को नियंत्रित किया.जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई को शिवनारायण तिवारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में साहिल खान का नाम सामने आया था. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम भी किया था, जिसे एसडीएम के आश्वासन पर शांत कराया गया था.
लेकिन हत्याकांड, अतिक्रमण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से असंतुष्ट लोगों ने रविवार को सकल हिंदू समाज की ओर से महापंचायत बुलाई. इसमें दो हजार से अधिक लोग जुटे और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा व आरोपी का घर गिराने की मांग उठाई.महापंचायत समाप्त होने के बाद कुछ लोग आक्रोशित होकर आरोपी का घर जलाने पहुंचे, हालांकि घर को नुकसान नहीं पहुंचा पाए.
लेकिन समीप स्थित एक झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया. बताया गया कि उस झोपड़ी से नशे का कारोबार होता था.पुलिसकर्मियों और सामाजिक संगठन के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया.घटना की सूचना पर एएसपी चंचल नागर और एसडीएम आरती सिंह मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने कहा कि झोपड़ी की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बहाल है.
