उर्वरकों का उत्पादन 2025 में रिकॉर्ड 525 लाख टन पर

नयी दिल्ली, (वार्ता) देश में उर्वरकों का उत्पादन साल 2025 में बढ़कर 525 लाख टन पर पहुंच गया जिससे कुल खपत का 73 प्रतिशत घरेलू उत्पादन से पूरा करना संभव हुआ है।

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि साल 2025 में देश की कुल उर्वरक खपत का 73 प्रतिशत हिस्सा देश में ही उत्पादन कर पूरा किया गया। यह उपलब्धि सरकार की प्रभावी नीतियों और किसानों के हित में निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

मंत्रालय ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि सरकार के प्रयासों से साल 2025 में उर्वरकों का घरेलू उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी का कुल घरेलू उत्पादन साल 2021 में 433 लाख टन था जो 2022 में बढ़कर 468 लाख टन हो गया। इसके बाद 2023 में इसमें बड़ी वृद्धि दर्ज की गई और उत्पादन 508 लाख टन तक पहुंच गया। यह बढ़त 2024 में भी जारी रही, जब उत्पादन 510 लाख टन पहुंच गया। वहीं, 2025 में उर्वरक उत्पादन 525 लाख टन दर्ज किया गया।

मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के साथ-साथ पूरे देश में उर्वरकों की समय पर और भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उर्वरक सुरक्षा मजबूत करने के लिए कच्चे माल की उपलब्धता पर अधिक ध्यान दिया गया है। दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते, विभिन्न स्रोतों के उपयोग और आयात पर निर्भरता कम करने जैसे जरूरी कदम उठाये गये हैं।

इसमें कहा गया है कि नये संयंत्रों की स्थापना, बंद पड़ी इकाइयों के पुनरुद्धार और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा मिलने से उर्वरक क्षेत्र को मजबूती मिली है।

 

Next Post

अंतरराष्ट्रीय हिन्दी दिवस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई, हिन्दी को बताया संस्कृति और गौरव की पहचान

Sat Jan 10 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दी दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि हिन्दी हमारे लिए केवल एक भाषा नहीं है, बल्कि यह देश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं […]

You May Like

मनोरंजन