हैमिल्टन, 25 फरवरी (वार्ता) कप्तान अमेलिया केर (नाबाद 101/ दो विकेट ) के हरफनमौल प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने बुधवार को पहले टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 92 रनों से शिकस्त दी।
203 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की महिला टीम की शुरुआत खराब रही और उसने मात्र पांच रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। जिम्बाब्वे की दोनों बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पायी। जिम्बाब्वे काे ये पांचों रन अतिरिक्त के रूप में प्राप्त हुये। इसके बाद चिपो मुगेरी-तिरिपानो और बी बिजा की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिये 38 रन जोड़े। सातवें ओवर में अमेलिया केर ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो (19) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी कप्तान जे. नकोमो ने बी बिजा के साथ चौथे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। 17वें ओवर में अमेलिया केर ने जे. नकोमो (25) को आउट कर जिम्बाब्वे को चौथा झटका दिया। न्यूजीलैंड के बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण के आगे जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 110 रन ही बना सकी और 92 रनों से मुकाबला हार गई। बी बिजा ने 49 रनों की नाबाद पारी खेली।
न्यूजीलैंड महिला टीम के लिए अमेलिया केर ने चार ओवरों में 14 रन देकर दो विकेट झटके। ब्री इलिंग, जेस केर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां जिम्बाब्वे की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए जॉर्जिया प्लिमर और इसाबेला गेज की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिये 46 रन जोड़े। छठे ओवर में न्याशा ग्वानज़ुरा ने जॉर्जिया प्लिमर को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। जॉर्जिया प्लिमर ने 20 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 32 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी अमेलिया केर ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए निर्धारित 20 ओवरों में एक विकेट पर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अमेलिया केर ने 51 गेंदों में 19 चौके लगाते हुए नाबाद 101 रनों की पारी खेली। इसाबेला गेज ने 50 गेंदों में छह चौके लगाते हुए नाबाद 66 रन बनाये।
