
विदिशा। गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को शोक में बदल दिया। बारातियों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार टवेरा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने लगभग 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि बारात गैरतगंज से जाफरखेड़ी गांव की ओर जा रही थी और वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। रात का अंधेरा और अधिक गति हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
इस हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (चालक) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मृत्यु हो गई। घायलों में अशोक लोधी, राज बोधी, बृजेश लोधी और सुदीप लोधी समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
