नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि यहां कर्तव्य भवन में आयोजित समारोह में दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाये रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। इस अवसर पर श्री नड्डा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश के एकीकरण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव, उर्वरक विभाग के सचिव रजत कुमार मिश्रा, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल विभाग के सचिव तेजवीर सिंह, स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव एवं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल तथा स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. लवनीश जी. कृष्णा मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया जाता है। यह दिवस देश की एकजुटता और संप्रभुता को बनाये रखने के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।

