तेहरान 27 अप्रैल (वार्ता) ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोज़गन में शनिवार को एक बंदरगाह पर हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 28 हो गयी है और कम से कम 800 अन्य घायल हो गये। आधिकारिक समाचार एजेंसी इरना ने रविवार को यह जानकारी दी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भीषण विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चला है। इरना ने कहा कि विस्फोट और उसके बाद लगी आग में घायल हुए लोगों की संख्या 800 तक पहुंच गई है तथा छह लोग अभी भी लापता बताये गये हैं।
अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने रविवार को होर्मोज़गान के गवर्नर मोहम्मद अशौरी तज़ियानी के हवाले से बताया कि घटनास्थल पर लगे क्लोज-सर्किट कैमरों की फुटेज में स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:05 बजे बंदरगाह के एक क्षेत्र में कई कंटेनरों के पास आग लगती हुई दिखाई दी, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई और करीब 90 सेकंड में बड़े विस्फोट की गूंज सुनायी दी।
उन्होंने भीषण विस्फोट के बाद प्रांत में तीन दिन के सार्वजनिक शोक की भी घोषणा की।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संगठन के प्रवक्ता हुसैन जाफरी ने बताया कि बंदरगाह पर एक कंटेनर में रखे रासायनिक पदार्थों के कारण विस्फोट हो सकता है।
ईरान की सरकार की प्रवक्ता फतेमेह मोहजेरानी ने हालांकि उसी दिन चेतावनी दी कि संबंधित अधिकारियों द्वारा अपनी जांच पूरी करने से पहले घटना के कारण के बारे में कोई भी ‘जल्दबाजी में अटकलें’ न लगाई जाएं।
उन्होंने कहा कि अब तक जो पुष्टि हुई है वह यह है कि बंदरगाह के एक कोने में कंटेनर मौजूद हैं, जिनमें संभवतः रासायनिक पदार्थ मौजूद हैं।
बंदरगाह पर सैन्य शिपमेंट के बारे में विदेशी मीडिया की अफवाहों को खारिज करते हुए ईरान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेजा तलई-निक ने कहा कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उस क्षेत्र में ईंधन या सैन्य उपयोग से संबंधित कोई आयातित या निर्यातित शिपमेंट नहीं था जहां यह विस्फोट हुआ था।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कल आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने और घायलों के हालात का जायजा लेने के लिए गृह मंत्री मंत्री एस्कंदर मोमेनी को भेजा। उनके कार्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित एक बयान के अनुसार, रविवार को श्री पेजेशकियन ने गृह मंत्री को सभी घायल व्यक्तियों को चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने और गंभीर परिस्थितियों को नियंत्रित करने के लिए तत्काल उपाय लागू करने का निर्देश दिया।
इरना ने बताया कि आज सुबह तक बंदरगाह पर आग पर 80 प्रतिशत काबू पा लिया गया था, लेकिन यह दोबारा भड़क उठी और आसपास के अन्य कंटेनरों तक फैल गई, जिसे बुझाने के प्रयास जारी हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बंदरगाह के आसपास के क्षेत्र पर परिचालन और माल ढुलाई का काम फिर से शुरू हो गया है।
