इंदौर:राजस्थान के अलवर में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. इंदौर से दिल्ली जा रही एक यात्री बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक में घुस गई. हादसे में बस चालक, उसकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए.जानकारी के मुताबिक बस में 34 यात्री सवार थे. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में चालक की 3 साल की बेटी भी घायल हुई है.
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों में इंदौर में रहने वाले नितिन सहित अन्य यात्री शामिल हैं. इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, गुरुग्राम, भिवाड़ी व अन्य स्थानों के यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और चालक को संभवतः झपकी लगने के कारण हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि बस नंबर की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
