
ढोढर/जावरा । जिले में अवैध मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ जारी विशेष अभियान में माननखेड़ा चौकी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जप्त किया है। जप्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 17.40 लाख आंकी गई है। यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस कप्तान अमित कुमार के सख्त निर्देशों पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक राहगीर के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि ताऊ के ढाबे के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक जीजे-08-एफए-3766) दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में लावारिस खड़ी है। सूचना मिलते ही माननखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश मालवीय तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार पूरी तरह से लॉक थी और उसके शीशों पर अंदर की तरफ काली जाली लगी हुई थी।
प्रथम दृष्टया वाहन संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मौके पर स्वतंत्र गवाहों (पंचों) को बुलाया और कार का लॉक तोड़ा। जब गाड़ी की सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कार के अंदर चार प्लास्टिक के बोरों में ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
इनकी भूमिका रही सराहनीय:तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी माननखेड़ा उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, आरक्षक संतोष कुमार, आरक्षक अनिल डांगी सहित सैनिक सुरेश उपाध्याय, जालमसिंह और शांतिलाल बामनिया की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
केस दर्ज, कार मालिक और तस्करों की तलाश तेज
इस मामले में थाना रिंगनोद में क्रेटा कार के अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरटीओ कार्यालय के माध्यम से कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके असली मालिक का पता लगा रही है। इसके साथ ही, दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए चालक और इस मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी गई है।
