उज्जैन: मालवा अंचल में निवेश और रोजगार का नया दौर शुरू होने जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 नवंबर को शाजापुर जिले के मक्सी के पास बरंडवा में जैक्सन ग्रुप के 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विश्वस्तरीय मेगा सोलर मैन्युफैख्रिंग प्लांट का भूमिपूजन करेंगे.यह परियोजना उज्जैन व मक्सी क्षेत्र को सोलर उपकरण निर्माण का राष्ट्रीय हब बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है. इसी मंच से चार अन्य औद्योगिक परियोजनाओं का भी भूमिपूजन और लोकार्पण होगा.
8000 करोड़ से ज्यादा का निवेश
प्रदेश में 8,185 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश और 4,330 से ज्यादा युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होंगे. अप्रत्यक्ष रोजगार इससे कहीं अधिक बढ़ने की संभावना है.
धरातल पर उतर रहे प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर नजर आने लगे हैं. वर्ष 2025 को ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ घोषित करने के फैसले का प्रभाव भी तेजी से दिखाई दे रहा है, जिसके तहत प्रदेश में स्थानीय रोजगार अवसर बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है.
44 हेक्टेयर में सोलर प्रोजेक्ट
बरंडवा स्थित मक्सी औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में 44 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट में अत्याधुनिक तकनीक से सोलर मॉड्यूल, सोलर सेल, इंगॉट और वेफर का निर्माण किया जाएगा. परियोजना दो चरणों में पूरी होगी.
जैक्सन इंजीनियर्स लिमिटेड
3 गीगावॉट सोलर मॉड्यूल और 3 गीगावॉट सोलर सेल यूनिट पर लगभग 1,047 का करोड़ का निवेश होगा. वहीं दूसरे चरण में जैक्सन इंटीग्रेटेड सोलर लिमिटेड इंगॉट, वेफर, सेल्स और मॉड्यूल का निर्माण करेगा, जिसमें लगभग 7,105 करोड़ का निवेश होगा. दोनों चरण मिलाकर 4,100 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार और इसी के समान संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे.
4 अन्य उद्योगों को भी मिलेगी नई शुरुआत
उद्योग विस्तार कार्यक्रम के दौरान शाजापुर जिले के मक्सी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में दो नई कंपनियों आदित्य वुड पैकेजिंग पुष्टि फार्माकैम प्राइवेट लिमिटेड का भूमिपूजन किया जाएगा. वहीं रुक्मणि एंड सन्स ,यौनको प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड की यूनिटों का लोकार्पण किया जाएगा. ये इकाइयाँ लकड़ी के पैलेट, कृषि उत्पाद, दवा निर्माण में उपयोगी केमिकल और जैविक खाद उत्पादन से जुड़ी हैं.
मप्र बनेगा हरित ऊर्जा का प्रमुख केंद्र
एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौड़ के अनुसार, कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं. यह आयोजन मध्य प्रदेश को हरित ऊर्जा और सोलर उपकरण निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में अहम कदम है. इससे न केवल उज्जैन और शाजापुर की औद्योगिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी. हजारों युवाओं को घर के पास ही रोजगार उपलब्ध होगा और क्षेत्रीय विकास की गति कई गुना बढ़ेगी.
