
नई दिल्ली, 02 दिसंबर, 2025: पाकिस्तान एक बार फिर मानवीय सहायता के नाम पर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पाकिस्तान ने चक्रवात से प्रभावित श्रीलंका को सहायता के नाम पर ऐसे फूड आइटम भेजे, जिनकी एक्सपायरी डेट अक्टूबर 2024 की थी। पाकिस्तान के श्रीलंका उच्चायोग द्वारा सोशल मीडिया पर जारी की गई तस्वीरों ने खुद ही इस एक्सपायरी सामग्री की पोल खोल दी, जिसके बाद उसकी खूब किरकिरी हो रही है।
सोशल मीडिया पर आलोचना और भड़की नाराजगी
तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की आलोचना शुरू हो गई। यूजर्स ने इस हरकत को पाकिस्तान की ‘घटिया मानसिकता’ करार दिया और तंज कसा कि यह राहत के नाम पर बेकार सामग्री भेजी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका के अधिकारियों ने राहत सामग्री की स्थिति देखने के बाद आपदा प्रबंधन विभाग और विदेश मंत्रालय के स्तर पर पाकिस्तान के सामने औपचारिक और अनौपचारिक तरीकों से अपनी नाराजगी दर्ज कराई है।
तुर्की को भी भेजी थी पुरानी राहत सामग्री
यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान की ऐसी हरकत सामने आई है। साल 2023 में तुर्की में आए भूकंप के दौरान भी पाकिस्तान ने वही राहत सामग्री वापस भेज दी थी, जो पहले कराची में बाढ़ के समय उसे मिली थी। इस बीच, पाकिस्तान ने भारत को भी इस मुद्दे में घसीटने की कोशिश की, लेकिन भारत ने तुरंत स्पष्टीकरण देते हुए इन खबरों को “फर्जी” बताया।
