इंदौर: इस बार लगता है कि गर्मी ज्यादा परेशान करेगी. मानसून पूर्व की बारिश हो नहीं रही, वहीं मानसून एक हफ्ते से ज्यादा आगे बढ़ गया है. यही कारण है कि शहर में उमस के साथ गर्मी फिर बढ़ गई है और दिन और रात के तापमान में वृद्धि हो गई. गर्मी बढ़ने के कारण आज दिन में शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ था.
मौसम विभाग के अनुसार मानसून एक हफ्ते से ज्यादा देर से इंदौर आएगा.
इस कारण तापमान में फिर से इजाफा होना शुरू हो गया. आज शहर का तापमान फिर से 40 डिग्री को पार कर गया. वहीं रात का तापमान भी 26 डिग्री के पार बना हुआ है. दिन और रात का तापमान सामान्य से भले ही 1 डिग्री ज्यादा है, लेकिन उमस और गर्म हवाओं से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. आज शहर में स्थित यह थी कि दोपहर में 1 से 4 बजे के बीच सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था. इक्का-दुक्का वाहन ही सड़कों पर नजर आ रहे थे. बाकी ज्यादातर सड़कें सूनी थी. तापमान 40 डिग्री से थोड़ा ज्यादा होने के बावजूद सड़क पर 27 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं के थेपेडों से परेशानी और त्रास महसूस हो रही थी.
