एसी कोच में खराबी, डेढ़ घंटे सतना में रुकी रही ज्ञानगंगा एक्सप्रेस

सतना: वाराणसी से पुणे जा रही ट्रेन संख्या 22132 ज्ञानगंगा एक्सप्रेस बुधवार को सतना रेलवे स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। ट्रेन के एसी-2 कोच में तकनीकी खराबी आने के कारण यह स्थिति बनी, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10.40 बजे जब ट्रेन सतना पहुंचने वाली थी, तभी मुख्तियारगंज रेलवे फाटक के पास लगे हॉट एक्सल डिटेक्टर ने एसी-2 कोच के एक्सल के अत्यधिक गर्म होने का संकेत दिया। यह सूचना तुरंत स्टेशन मैनेजर और रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद ट्रेन को सतना स्टेशन पर रोक लिया गया। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही तकनीकी टीम ने संबंधित कोच का निरीक्षण किया और खराबी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन एक्सल की समस्या ठीक नहीं हो सकी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों ने एसी-2 कोच को ट्रेन से अलग करने का फैसला लिया।

यात्री दूसरे कोच में शिफ्ट
इसके बाद एसी-2 कोच में सवार सभी यात्रियों को अस्थायी रूप से अन्य एसी कोचों में शिफ्ट किया गया। यात्रियों के स्थानांतरण और कोच अलग करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन दोपहर 12.28 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुई।

लापरवाही पड़ सकती थी भारी
रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, हॉट एक्सल डिटेक्टर की सतर्कता से समय रहते खराबी का पता चल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि एक्सल की यह खराबी नजरअंदाज हो जाती, तो ट्रेन के पटरी से उतरने की आशंका बनी रह सकती थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जबलपुर स्टेशन पर इस ट्रेन में नया कोच जोड़ा जाएगा और इसके बाद प्रभावित यात्रियों को उनकी मूल बर्थ उपलब्ध करा दी जाएगी।

Next Post

पार्षद पुत्र के विरुद्ध दुष्कर्म की शिकायत, तलाश में जुटी पुलिस 

Thu Apr 16 , 2026
सतना: नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 जवाहर नगर से एक बेहद संवेदनशील और चर्चित मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में हलचल मचा दी है। वार्ड की पार्षद सुषमा सिंह लोधी के पुत्र तरुण लोधी उर्फ मनी पर एक युवती ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। मामले […]

You May Like