सतना: नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 जवाहर नगर से एक बेहद संवेदनशील और चर्चित मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में हलचल मचा दी है। वार्ड की पार्षद सुषमा सिंह लोधी के पुत्र तरुण लोधी उर्फ मनी पर एक युवती ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की सबसे अहम और चौंकाने वाली बात यह है कि यह शिकायत उस समय सामने आई है जब आरोपी की शादी महज कुछ दिनों बाद तय थी और उसके घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़ता और आरोपी की मुलाकात कुछ समय पहले हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे गहरी होती गई और प्रेम संबंध में बदल गई। पीडि़ता का आरोप है कि तरुण लोधी ने उसे अपने प्रेम में विश्वास दिलाया और बार-बार शादी करने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे और भविष्य के सपनों के चलते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता का कहना है कि उसने यह रिश्ता पूरी ईमानदारी और गंभीरता से निभाया और उसे पूरा भरोसा था कि यह संबंध जल्द ही विवाह का रूप लेगा।
20 अप्रैल को होनी है शादी
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब युवती को यह जानकारी मिली कि तरुण लोधी की शादी किसी अन्य युवती से तय कर दी गई है। यह खबर उसके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं थी। उसने तत्काल आरोपी से संपर्क कर इस बारे में बात की और उसे उसके द्वारा किए गए शादी के वादों की याद दिलाई। लेकिन पीडि़ता के अनुसार आरोपी ने न केवल शादी से इनकार कर दिया बल्कि धीरे-धीरे उससे दूरी बनाने लगा और बातचीत भी कम कर दी।
आज प्रस्तावित है तिलक
इसी बीच जानकारी सामने आई कि आरोपी का तिलकोत्सव कार्यक्रम गुरुवार को प्रस्तावित था और 20 अप्रैल को उसकी शादी होने वाली थी। खुद को ठगा और मानसिक रूप से आहत महसूस कर रही पीड़िता ने आखिरकार सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उसने साफ तौर पर आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसके विश्वास का गलत फायदा उठाया गया।
पुलिस कर रही तलाश
सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी तरुण सिंह लोधी पिता महिपाल सिंह लोधी निवासी जवाहर नगर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
