
चांदामेटा। चांदामेटा के वार्ड क्रमांक 15 में शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से पांजा परिवार के घर में भीषण आग लग गई, जिससे पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का अधिकांश सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार पांजा परिवार के सदस्य भोपाल गए हुए थे और घर में बच्चू पांजा अकेले मौजूद थे। सुबह करीब नौ बजे जब वे चाय बनाने के लिए गैस चालू कर रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में आग भड़क गई। स्थिति बिगड़ती देख बच्चू पांजा जलते सिलेंडर को लेकर घर से बाहर की ओर भागे। इस दौरान उनके कपड़ों में भी आग लग गई और वे सड़क पर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग बुझाने के लिए नगर परिषद चांदामेटा, बड़कुही, न्यूटन और परासिया की दमकल टीमों को मौके पर लगाया गया। स्थानीय युवाओं और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास के मकानों तक नहीं फैल सकी। मौके पर वेकोलि की रेस्क्यू टीम भी पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया।
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और शासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
