क्रिप्टो निवेश के नाम पर युवक से 8 लाख की ठगी, फेसबुक दोस्ती बनी साइबर जाल

इंदौर. सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती ने एक युवक को संगठित साइबर ठगी का शिकार बना दिया. करीब एक महीने तक बातचीत कर भरोसा जीतने के बाद ठगों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश का लालच दिया और अलग अलग खातों में लाखों रुपए ट्रांसफर करवा लिए. ठगी का शक होते ही आरोपियों ने पीड़ित का ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज कर दिया.

राजेन्द्र नगर थाना प्रभारी राजेन्द्र बिरथरे ने बताया कि पुलिस ने शिव सागर कॉलोनी निवासी नीरज भागवत की शिकायत पर सुनीता कुमारी सहित अन्य अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को दी शिकायत में नीरज ने बताया कि वह निजी कंपनी में नौकरी करता है. अगस्त माह में सुनीता नाम की युवती ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी. धीरे धीरे बातचीत बढ़ी और फिर चैटिंग व्हाट्सएप पर होने लगी. करीब एक महीने तक लगातार बातचीत के बाद युवती ने क्रिप्टो करेंसी यूएसडीटी में निवेश का प्रस्ताव दिया और एक कंपनी का लिंक भेजा. लिंक के जरिए नीरज की एक ऑनलाइन आईडी बनाई गई, जहां उनसे बलवीर नाम का व्यक्ति संपर्क में आया. शुरुआत में 15 हजार रुपए निवेश कराए गए, जिस पर 2500 रुपए का मुनाफा दिखाया. इससे नीरज का भरोसा बढ़ गया, इसके बाद ज्यादा कमाई का झांसा देकर नया लिंक भेजा गया और नया एग्रीमेंट करवाया. नीरज से 21 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए. आरोपियों ने 13 हजार रुपए कमीशन काटने के बाद खाते में 62 हजार रुपए का मुनाफा दिखाया. इसके बाद पांच दिन की ट्रेडिंग कराने की बात कही गई. चौथे दिन तक कोई खास लाभ नहीं मिलने पर नीरज ने ट्रेडिंग बंद करने की बात कही. इस पर आरोपियों ने कंपनी की शर्त बताते हुए कहा कि बीच में ट्रेडिंग छोड़ने पर पहले मिले मुनाफे का 50 प्रतिशत जुर्माना देना होगा. पांचवें दिन नीरज के खाते में 42 लाख रुपए का मुनाफा दिखाया गया, लेकिन रकम निकालने के लिए 30 प्रतिशत कमीशन के रूप में करीब 12 लाख रुपए जमा करने की मांग कर दी गई. इसी दौरान नीरज को ठगी का शक हुआ और उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने उनका ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज कर दिया. नीरज का कहना है कि पूरी प्रक्रिया के दौरान उनसे अलग अलग खातों में करीब 8 लाख रुपए ट्रांसफर कराए. पीड़ित ने पहले साइबर सेल और फिर राजेन्द्र नगर थाने में शिकायत की. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी का कहना है कि जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.

Next Post

पंचायत भवन के दफ्तर में युवक ने पेट्रोल डाल आग लगाई

Fri Dec 26 , 2025
रतलाम। जिले की ग्राम पंचायत मांगरोल में एक युवक ने पंचायत कार्यालय में आग लगा दी। इससे कार्यालय में रखा कम्प्यूटर, फाइलें, टेबल आदि सामान जल गया। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच […]

You May Like