जबलपुर:नगर निगम द्वारा चार पहिया वाहनों के लिए भंवरताल एवं मानस भवन के पास मल्टी पार्किंग स्थल तथा लार्डगंज बड़ा फुहारा मार्केट आने वाले वाहनों के लिए श्रीनाथ की तलैया में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कई वाहन चालक सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित कर रहे हैं। गोरखपुर बाजार, सदर बाजार, सिविक सेंटर, जयंती कॉम्प्लेक्स, भंवरताल गार्डन क्षेत्र, इंद्रा मार्केट और डिलाइट मार्केट सहित विभिन्न स्थानों पर समझाइश के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वाले चार पहिया वाहनों पर व्हील लॉक की कार्रवाई की गई। माह मार्च में कुल 84 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 4 लाख 20 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के आदेशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के निर्देशन में शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने उप पुलिस अधीक्षक (मालवीय चौक, गढ़ा, घमापुर) एवं यातायात थानों की संयुक्त टीम द्वारा प्रतिदिन बाजार क्षेत्रों में वाहन चालकों को समझाइश दी जा रही है।
