
छिंदवाड़ा। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से धरमटेकरी में महापौर विक्रम अहके की उपस्थिति में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से प्रकृति देवता का पूजन कर की गई। इसके पश्चात धरमटेकरी परिसर में वृहद पौधारोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का स्वरूप देने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक संसाधनों का संदेश दिया गया। महापौर विक्रम अहके ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के बेहतर भविष्य के लिए हमारा संकल्प है। आइए, हम सभी मिलकर एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करें, ताकि धरमटेकरी सहित हमारा पूरा क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो सके।
