
इंदौर. जोन-2 क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा की बिक्री रोकने से लेकर नशे के सेवन, वाहन चालकों की मनमानी और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया है. ड्रोन पेट्रोलिंग, मोहल्ला मीटिंग्स और गहन सर्चिंग के जरिये शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाने की कवायद लगातार जारी है.
जोन-2 में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा की बिक्री और उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष कार्रवाई शुरू की है. सभी थाना क्षेत्रों में दुकानों और गोदामों पर सर्चिंग बढ़ा दी गई है. थाना मोबाइल के माध्यम से लाउडस्पीकर घोषणाएं कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं मोहल्ला बैठकों में प्रतिबंधित मांझा के खतरे बताकर इसका उपयोग न करने की अपील भी की जा रही है. असामाजिक तत्वों और सक्रिय अपराधियों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है.अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, बदमाशों पर निगरानी और हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई. जोन-2 में अब तक की गई प्रमुख कार्रवाई इस प्रकार रही. गुण्डा चेक: 25, चाकूबाज चेक: 18, निगरानी बदमाश चेक: 19, थाना पर लाए गए संदिग्ध: 36, संदिग्धों पर कार्रवाई: 8, हॉटस्पॉट चेकिंग: 41, शैडो एरिया चेकिंग: 29, बिल्डिंग/मल्टी चेकिंग: 19, स्थाई वारंट तामील: 1, गिरफ्तारी वारंट तामील: 14, सड़क सुरक्षा के तहत नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बढ़ाई गई है. शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालकों पर कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया और 185 एमवी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए. इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी व अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 27 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 3 व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई है. क्षेत्र की निगरानी मजबूत करने के लिए ड्रोन पेट्रोलिंग को नियमित की जा रही है. वहीं भीड़भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने से पुलिस को रियल-टाइम सूचना मिल रही है, जिससे त्वरित प्रतिक्रिया और कार्रवाई आसान हो गई है. पुलिस-जनता के बीच भरोसा बढ़ाने के लिए जोन-2 के सभी थाना क्षेत्रों में मोहल्ला मीटिंग्स और जनसंवाद कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं. इन बैठकों में नागरिकों को नशे के दुष्परिणाम, अपराध नियंत्रण की जरूरत और सुरक्षित समाज निर्माण की दिशा में जागरूक किया जा रहा है. अभियान और जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों के प्रभारी और अधिकारी मौजूद रहे.
